गुरुग्राम: चलती थार में स्टंटबाज का पुलिस ने काटा साढ़े 26 हजार का चालान
-लेमन ट्री होटल के सामने हाईस्पीड में युवक ने किए खतरनाक करतब
गुरुग्राम, 02 जून (हि.स.)। सडक़ पर चलती थार गाड़ी में स्टंटबाजी करने वाले युवक पर कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने साढ़े 26 हजार रुपये का चालान काट दिया। युवक ने काले रंग की थार कार में स्टंटबाजी की वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता विकास कुमार ने मंगलवार को बताया कि जब वीडियो वायरल होकर पुलिIस तक पहुंचा तो पुलिस ने कार्रवाई की।
वायरल वीडियो के आधार पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि यह घटना सेक्टर-60 स्थित लेमन ट्री होटल के सामने की है। वीडियो में युवक काले रंग की थार को तेज रफ्तार में चलाते हुए दिखाई दे रहा है। उसके पीछे चल रही एक अन्य गाड़ी से पूरे स्टंट का वीडियो रिकॉर्ड किया गया। करीब 15 सेकेंड के वीडियो में युवक पहले हाईस्पीड में थार को सडक़ पर दौड़ाता नजर आता है। इसके बाद वह ड्राइविंग साइड की खिडक़ी खोलकर बाहर की ओर झुकते हुए स्टंट करता दिखाई देता है। कुछ ही समय बाद वह वाहन को तेजी से लेफ्ट और राइट दिशा में मोड़ते हुए लेन बदलता है। वीडियो के बैकग्राउंड में एक हरियाणवी गीत भी बज रहा है।
पुलिस के अनुसार युवक ने न तो सीट बेल्ट लगाई हुई थी और न ही यातायात नियमों का पालन किया। उसकी लापरवाही से सडक़ पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी और खतरे का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग, ब्लैक फिल्म के उपयोग, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, प्रदूषण मानकों के उल्लंघन तथा सीट बेल्ट का उपयोग न करने सहित विभिन्न नियमों के उल्लंघन में साढ़े 26 हजार रुपये का चालान काटा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर