गुरुग्राम: नशे में दोस्तों की कैब को मारी टक्कर, एयरबैग खुलने पर बची जान

 

गुरुग्राम, 19 सितंबर (हि.स.)। शहर के सेक्टर-89 में शुक्रवार की देर रात उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक थार सवार युवक ने सडक़ पर जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत थार ड्राइवर ने अपने ही दोस्तों की कैब को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक कई बार जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैब के दोनों एयरबैग खुल गए और कैब सवार दोनों की जान बची। गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली नंबर की एक महिंद्रा थार में सवार होकर चार युवक सेक्टर-89 आए थे। वहां पहुंचने के बाद दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवक थार से नीचे उतर गए। उन्होंने गुस्से में घर वापस जाने के लिए रैपिडो ऐप के जरिए एक कैब बुक की और सडक़ किनारे खड़े होकर उसका इंतजार करने लगे। जैसे ही कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें बैठे, थार चला रहे उनके साथी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने तैश में आकर अपनी थार से कैब को रौंदने का प्रयास शुरू कर दिया। कैब ड्राइवर चिल्ला-चिल्लाकर उसे रोकने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी टक्कर मारता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थार ड्राइवर ने एक बार नहीं, बल्कि कई बार अपनी गाड़ी को पीछे किया और फिर पूरी रफ्तार से कैब में दे मारा। आरोपी ने कैब को खिलौने की तरह कुचलने की कोशिश की। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कैब का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। इस दौरान कैब के अंदर ड्राइवर और दोनों युवक मौजूद थे, जो इस अचानक हुए हमले से बुरी तरह सहम गए। गनीमत रही कि एयरबैग समय पर खुल गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पूरी वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि थार ड्राइवर सरेआम गुंडागर्दी कर रहा है। लोगों का कहना है कि थार सवार युवक अत्यधिक नशे में थे और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं था। घटना के तुरंत बाद पीडि़त कैब ड्राइवर ने मामले की सूचना खेडक़ी दौला थाना पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी थार ड्राइवर अपने साथी के साथ मौके से फरार हो चुका था। खेडक़ी दौला थाना पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल थार दिल्ली नंबर पर पंजीकृ है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक और आरोपी युवकों की पहचान शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर