गुरुग्राम: थार गाड़ी ने बाइक सवार डिलीवरी ब्वॉय को कुचला, मौत

 


-बाइक पर पिज्जा डिलीवरी करने जा रहा था युवक

गुरुग्राम, 15 अप्रैल (हि.स.)। यहां एक थार गाड़ी चालक ने बाइक सवार डिलीवरी ब्वॉय को कुचल दिया। वह बाइक पर सवार होकर पिज्जा डिलीवरी देने जा रहा था। राहगीरों ने डिलीवरी बॉय के मोबाइल से उसके प्रबंधक को कॉल किया। जिसके बाद प्रबंधक संजय मौके पर पहुंचा और उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के तुरंत बाद थार गाड़ी चालक फरार हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार डिलीवरी ब्वॉय प्रवीण कुमार निवासी जालौन उत्तर प्रदेश के गांव जकदेवपुर का रहने वाला था। वह सेक्टर-49 स्थित ओमेक्स माल में बने डोमिनोज पिज्जा हट में डिलीवरी ब्वॉय था। वह सेक्टर-71 की सीएचडी सोसायटी में परिवार के साथ रहता था। बुधवार की दोपहर को प्रवीण कुमार पिज्जा लेकर डिलीवरी के लिए बाइक पर निकला था। वज रेडिसन ब्लू होटल के पास पहुंचा था। इसी दौरान आईटी स्पेज पार्क के पास पीछे से एक युवक थार गाड़ी तेज गति से लेकर आया। उसने प्रवीण की बाइक में टक्कर मार दी। प्रवीण बाइक समेत सडक़ पर गिर गया और बुरी तरह से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना को अंजाम देने वाला थार गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार घर में अकेला ही कमाने वाला था। माता-पिता के साथ-साथ छोटे भाई-बहनों का भी वह पोषण करता था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि सेक्टर-50 पुलिस थाना में प्रवीण कुमार की मां उषा देवी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी थार गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर