गुरुग्राम: काले रंग की थार ने मारी ऑटो में टक्कर, ऑटो चालक की मौत
ऑटो में बैठे दो यात्री भी घायल हो गए
थार चालक गाड़ी को छोडक़र हुआ फरार
गुरुग्राम, 21 मार्च (हि.स.)। साउथ पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर शुक्रवार की रात को तेज रफ्तार काले रंग की थार गाड़ी से एक ऑटो में टक्कर हो गई। इस टक्कर में ऑटो चालक की मौत हो गई और ऑटो में बैठे दो यात्री घायल हो गए। इस दुर्घटना के होते हुए थार गाड़ी चालक गाड़ी को छोडक़र मौके से फरार हो गए। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले के अनुसार रात को करीब साढ़े नौ बजे माहेश्वरी दयाल अपने ऑटो में डीएलएफ ग्रीन से दो यात्रियों को बिठाकर जा रहा था। जब वह एम3एम के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार थार गाड़ी चालक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में ऑटो चालक को गहरी चोटें आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही ऑटो में सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद थार चालक गाड़ी को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया। सूचना पाकर बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम बुलाई और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्राथमिक जांच में पता चला है कि थार गाड़ी तेज गति में थी। ड्राइवर ने ओवरटेकिंग या लेन बदलने के दौरान नियंत्रण खो दिया और दुर्घटना हो गई। पुलिस ने थार के पंजीकरण नंबर के आधार पर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। मृतक ऑटो ड्राइवर माहेश्वरी दयाल उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले का रहने वाला था। उसकी उम्र 48 वर्ष थी। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य थे। वह अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चे छोड़ गए हैं। इनमें दो बेटियां हैं। परिवार ने हिट एंड रन ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर