गुरुग्राम: तीज पर हरियाणवी परिधान में पींग झूल महिलाओं ने दिया संस्कृति को सहेजने का संदेश
-महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर इस उत्सव में हिस्सा लिया
गुरुग्राम, 16 अगस्त (हि.स.)। जिलाभर में तीज उत्सव धूमधाम से मनाया गया। दिन-भर महिलाएं, बच्चे नए वस्त्र पहनकर खुशी से एक-दूसरे को तीज पर्व की बधाई देते रहे। साथ ही इस उत्सव पर मुख्य आकर्षण झूला झूलने में भी महिलाओं और बच्चों में काफी उत्साह नजर आया।
शिवनगर स्थित पार्क में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी तीज महोत्सव का भव्यता से मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।
पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक रंगों के साथ तीज पर्व की खुशियां मनाईं। तीज के अवसर पर महिलाएं पारंपरिक एवं हरियाणवी वेशभूषा में नजर आईं, जिससे पूरा आयोजन हरियाणवी संस्कृति और परंपरा के रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया। महिलाओं ने हरियाणवी लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया तथा गीत-संगीत के माध्यम से कार्यक्रम में खूब धूम मचाई। बच्चों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाए रखा।
कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वार्ड-10 के पार्षद महावीर यादव एवं वार्ड-28 के पार्षद धर्मवीर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं एवं खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं के साथ-साथ बच्चों को भी उनकी प्रतिभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपहार प्रदान किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर