गुरुग्राम: ताऊ देवीलाल के सिद्धांतों की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि: दुष्यंत चौटाला

 


-चौधरी देवीलाल जी की 113वीं जयंती के अवसर पर किया नमन

गुरुग्राम, 25 सितंबर (हि.स.)। भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री, जननायक एवं किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष करने वाले स्व. चौधरी देवीलाल जी की 113वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को यहां ताऊ देवीलाल स्टेडियम में श्रद्धांजलि एवं जयंती समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. के.सी. बांगर, पूर्व विधायक गंगाराम, कर्नल (रिटायर्ड) एस.एस. राठी, ऋषि राज राणा, दलबीर धनकड़, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकरान, मेघराज यादव एवं डॉ. सौरभ गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने ताऊ देवीलाल जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। अपने संबोधन में दुष्यंत चौटाला ने ताऊ देवीलाल जी के पदचिह्नों पर चलते हुए जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल जी का पूरा जीवन संघर्ष, सादगी, किसान हित और जनसेवा को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज और राजनीति को दिशा देने का कार्य करते हैं। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ताऊ देवीलाल जी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि जनसंघर्ष और जनसेवा की ऐसी विचारधारा थे, जिसने हरियाणा की राजनीति को नई पहचान दी। हरियाणा के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

उन्होंने जीवनभर किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा समाज के हर वर्ग के सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन केवल जयंती मनाने का अवसर नहीं, बल्कि ताऊ देवीलाल जी के संघर्ष, सिद्धांतों और जनसेवा के संकल्प को दोहराने का दिन है। इसी अवसर पर दुष्यंत चौटाला ने 10वें हरियाणा स्टेट गेम्स ऑफ द डेफ में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों एवं कोचों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाडिय़ों की मेहनत, संघर्ष और जज़्बे को सराहा। इस अवसर पर गुरुग्राम से चेयरमैन दीपचंद, सतबीर लाकड़ा, विद्या सागर, शमशेर डागर, अख्तर अली, डॉ. संदीप कुंडू, डॉ. गगनदीप ओला, राहुल चौहान, मुकेश लक्कड़, दीपक चौहान, सनी कटारिया, विक्रांत कटारिया, दीपक डागर, नागेंद्र डागर, रविन्द्र सिरोहा, प्रहलाद कटारिया, दिशांत ढाना, विक्रम छोकर, दिलबाग महलावत, जयभान ठाकरान, नरेश, मुकेश, प्रदीप, गुलाब पंघाल, अनिल, आशु, गोविंद, हंसराज, प्रताप बोहड़ा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर