गुरुग्राम: नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल से दुव्र्यवहार पर प्रदर्शन कर फूंका पुतला
-कर्मचारियों की हड़ताल 27वें दिन भी जारी रही
गुरुग्राम, 01 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा निवास पंचकूला में 31 अगस्त को नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुए दुव्र्यवहार के विरोध में नगर निगम गुरुग्राम के कर्मचारियों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पुराने नगर निगम कार्यालय से अग्रसेन चौक, पुराने रेलवे रोड तक जाकर पुतला दहन किया। सरकार की तानाशाही व वादाखिलाफी के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारियों की हड़ताल 27वें दिन भी जारी रही। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत व फायर के जिला प्रधान साहुन खान ने संयुक्त रूप से की। संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंघाला और कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने किया।
राज्य उप प्रधान व इकाई प्रधान बसंत कुमार, साहुन खान, पूर्व जिला प्रधान राजेश कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत, फायर के जिला उप प्रधान जोगिंदर, सचिव सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार हड़ताल का समाधान करने के बजाय पुलिस बल और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के सहारे आंदोलन को दबाने में लगी है। उप प्रधान ज्ञान चंद, संगठन सचिव तेजपाल, सीमा देवी, प्रचार सचिव अनीता, पिंकी, कमला देवी ने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान कूड़ा उठाने के नाम पर फर्जी बिल बनाकर कुछ ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा सरकारी धन की लूट की जा रही है। संघ ने कूड़ा उठान पर हुए सभी खर्च और भुगतानों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जनता में व्यवस्था सामान्य दिखाने के लिए सरकार पुलिस के सहारे कूड़ा उठवा रही है। महिला, बुजुर्ग व अन्य हड़ताली कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उत्पीडऩ किया जा रहा है। संघ ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके विभाग के कर्मचारी आंदोलनरत हैं, जनता परेशान है, लेकिन समाधान नहीं निकल रहा। सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी द्वारा मुख्यमंत्री से वार्ता करवाने का आश्वासन भी पूरा नहीं हुआ।
राज्य उप प्रधान बसंत कुमार ने कहा कि अन्य श्रेणियों में नियमित भर्ती होती है तो सफाई व सीवर कर्मचारियों के लिए पक्की भर्ती कर ठेका प्रथा क्यों नहीं खत्म की जा रही। मांग की कि सरकार 13 मई के समझौते को लागू कर सभी मांगों के लिखित आदेश जारी करे, सफाई व सीवर कार्य से ठेका प्रथा समाप्त कर पक्की भर्ती करे, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करे और फायर कर्मचारी रणबीर व भवी चंद शर्मा के आश्रितों को वादे के अनुसार 50-50 लाख की सहायता व परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी दे। उन्होंने चेतावनी दी कि दो सितंबर तक मांगें नहीं मानी गईं तो हड़ताल आगे बढ़ाई जाएगी। हड़ताल में फायरमैन मुकेश कुमार, कुलदीप, सतपाल, सुभाष, हरिओम, तेजपाल, गब्बर सिंह, सुनीता देवी, अशोक कुमार सहित सेंकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर