गुरुग्राम: दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे ट्रैक पर युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर दी जान

 

युवक दो दिन पहले ही पंजाब से आया था गुरुग्राम

गुरुग्राम, 09 जून (हि.स.)। दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे ट्रैक पर लक्ष्मण विहार के पास एक युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पंजाब के अमृतसर जिले के गांव भोमा निवासी जगजीत सिंह के रूप में हुई है। मंगलवार को जीआरपी थाना के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजपाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार जगजीत सिंह मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जगजीत सिंह कुछ दिनों की छुट्टी बिताने के बाद दो दिन पहले ही गुरुग्राम लौटा था। पुलिस के अनुसार, मृतक के साथियों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।

जांच के दौरान युवक के हाथ पर ब्लेड से नस काटने के पुराने निशान भी मिले हैं। हालांकि ये निशान पूरी तरह भर चुके थे, लेकिन इससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह पहले भी मानसिक तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ चुका हो सकता है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटनास्थल से शव को निकालने में भी जीआरपी को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेलवे ट्रैक के एक ओर 8 से 10 फीट ऊंची दीवार और दूसरी तरफ गंदा नाला होने के कारण शव तक पहुंचना और उसे बाहर लाना चुनौतीपूर्ण रहा। ऐसे में जीआरपी के जवानों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को उठाकर गंदे नाले के रास्ते किसी तरह बाहर निकाला। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर