गुरुग्राम: म्यूटेशन की पेंडेंसी समाप्त करकेे स्टैंप ड्यूटी रिकवरी तेज करें: अजय कुमार
-रिकॉर्ड वेरिफिकेशन में गति लाने के निर्देश
-डीसी अजय कुमार ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक
गुरुग्राम, 09 अप्रैल (हि.स.)। जमाबंदी, भूमि सीमांकन (डिमार्केशन), म्यूटेशन, राजस्व संग्रहण, लंबित मामलों तथा मॉडर्न रेवेन्यू रिकॉर्ड रूम की जिला उपायुक्त अजय कुमार ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं प्रभावी निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और राजस्व सेवाएं पारदर्शी रूप से संचालित होती रहें।
जिला स्तरीय राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले में चल रहे विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त अजय कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि म्यूटेशन से संबंधित मामलों में किसी प्रकार की पेंडेंसी न रहे। साथ ही स्टैंप एक्ट के तहत चिन्हित डिफिशिएंसी के मामलों में वसूली प्रक्रिया को तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्टैंप शुल्क की कमी निर्धारित की गई है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर रिकवरी की जाए तथा आवश्यकता अनुसार संबंधित देनदार की संपत्ति अटैच करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
डीसी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निपटान मेरिट के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर न्याय मिलना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए अनावश्यक देरी से बचा जाए।
मॉडर्न रेवेन्यू रिकॉर्ड रूम की समीक्षा के दौरान डीसी ने स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड किए गए रिकॉर्ड की वेरिफिकेशन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि डेटा की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण के साथ उसकी सटीकता बनाए रखना भी आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, निशानदेही (डिमार्केशन) से जुड़े कार्य रोवर्स प्रणाली के माध्यम से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्ध हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर