गुरुग्राम: मां की दूसरी शादी से नाराज बेटे ने की सौतेले पिता की हत्या

 

-गुरुग्राम के पटौदी में सौतेले बेटे ने कुदाल से की पिता की हत्या

-13 साल पुरानी शादी से नाराज था युवक, आधी रात को दिया वारदात को अंजाम

गुरुग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला के खंड पटौदी क्षेत्र में एक युवक ने अपने सौतेले पिता की हत्या कर दी। उसने नुकीली वस्तु से कई वार किए, जिससे उसके पिता की मौत हो गई। पुलिस प्रवकता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई है।

मनोज मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हसलपुर गांव का रहने वाला था। फिलहाल मनोज पटौदी में अपने परिवार के साथ रह रहा था। मनोज ने करीब 13 साल पहले आरोपी शिवम शिवा की मां से शादी की थी। बताया जा रहा है कि शिवम इस रिश्ते से शुरू से ही खुश नहीं था। वह अपनी मां की दूसरी शादी को लेकर मनोज से नाराज रहता था। परिवार के लोगों ने बताया कि इसी रिश्ते को लेकर मनोज और शिवम के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़ा होता रहता था। दोनों में तनातनी रहती थी। घर का माहौल कई बार तनावपूर्ण हो जाता था। इस घटना मे शिकायतकर्ता प्रेमपाल ने पुलिस को बताया कि बीती रात मनोज और उसके सौतेले बेटे शिवम के बीच फिर से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि आधी रात को गुस्से में आकर शिवम ने घर में रखी कुदाल उठा ली और मनोज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर और शरीर पर कई वार लगने से मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। खून ज्यादा बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर जब तक परिवार के बाकी सदस्य पहुंचे, तब तक शिवम अपने पिता मनोज की हत्या करके फरार हो गया था। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पटौदी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून के निशान, कुदाल और अन्य जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने प्रेमपाल की शिकायत पर आरोपी शिवम उर्फ शिवा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर