गुरुग्राम: मतदाता सूची में नाम जांचने व अपडेट कराने के लिए जनता को जागरुक करें: बिजेंद्र रंगा

 


-जिला कांग्रेस कार्यालय में एसआईआर को लेकर महत्वपूर्ण बैठक में कही यह बात

गुरुग्राम, 14 जून (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गुडग़ांव जिला संयोजक बिजेंद्र रंगा ने की। जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने उनका स्वागत किया। बैठक में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बिजेंद्र रंगा ने आगामी चुनावों को देखते हुए एसआईआर प्रक्रिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर चर्चा की। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोडऩे, संशोधन कराने और फर्जी नाम हटवाने के लिए चलाए जाने वाले अभियान पर चर्चा की। जिला संयोजक बिजेंद्र रंगा ने कहा कि एसआईआर केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जांचने और अपडेट कराने के लिए जागरुक करें। ऐसा ना हो कि किसी का गलती मतदाता सूची से नाम कट जाए या अपडेट ना हो। उन्होंने कहा कि चुनाव बूथ पर जीते जाते हैं और बूथ को मजबूत करने की जिम्मेदारी हम सबकी है। अगर एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट गया तो यह लोकतंत्र के साथ अन्याय होगा। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता बूथ लेवल एजेंट के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र व्यक्ति वोट डालने से वंचित न रहे।

कार्यकर्ता मजबूत, एकजुट होकर करेंगें काम: पंकज डावर

जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने बिजेंद्र रंगा का स्वागत करते हुए कहा कि गुडग़ांव शहर में पार्टी संगठन पहले से ही सक्रिय है और अब इसे और अधिक तेज किया जाएगा। हमें भाजपा की झूठी राजनीति और जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करना है। एसआईआर प्रक्रिया को लेकर हम हर घर तक पहुंचेंगे और कांग्रेस की नीतियों को बताएंगे। पार्टी का हर कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरे, यही हमारी ताकत बनेगी। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था की स्थिति जनता के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और एसआईआर के दौरान लोगों से संवाद करेंगे। डावर ने कहा कि युवा, महिला और किसान वर्ग कांग्रेस के साथ जुड़ रहा है और पार्टी इस भरोसे पर खरी उतरेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर