गुरुग्राम: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ नहीं पहुंचने पर सूचना दें मतदाता

 


-एसआईआर-2026 के तहत घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं बूथ लेवल अधिकारी

गुरुग्राम, 23 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर)-2026 के तहत जिले में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके।

यह बात मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने कही। उपायुक्त ने बताया कि यदि किसी मतदाता के घर अभी तक संबंधित बीएलओ गणना प्रपत्र लेकर नहीं पहुंचे हैं तो ऐसे मतदाता निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर अथवा पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए 0124-6934034, बादशाहपुर के लिए 0124-2570029 तथा 0124-4268806, गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के लिए 8700751185 तथा सोहना विधानसभा क्षेत्र के लिए 9466142565 हेल्पलाइन नंबर पर इसकी सूचना दे सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित बीएलओ को मौके पर भेजा जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।

डीसी उत्तम सिंह ने सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एआरओ) तथा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एडिशनल एआरओ) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से फील्ड भ्रमण कर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बीएलओ निर्धारित क्षेत्र के सभी मतदाताओं तक पहुंच बनाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रहण का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर