गुरुग्राम: एसआईआर-2026 के अंतिम तीन दिन अहम: संजीव कुमार प्रसाद

 


-भारत निर्वाचन आयोग के सचिव ने गुरुग्राम में एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की

-अंतिम दिन का इंतजार न करें मतदाता, भरा हुआ गणना प्रपत्र शीघ्र बीएलओ को सौंपें

गुरुग्राम, 11 जुलाई (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के सचिव संजीव कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे मतदाता सत्यापन, गणना प्रपत्रों के संग्रहण और डिजिटलीकरण कार्य की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अब केवल तीन दिन शेष हैं, इसलिए जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अभी प्राप्त नहीं हुए हैं, उनसे संपर्क बढ़ाकर शेष कार्य को तेजी से पूरा किया जाए।

सचिव संजीव कुमार प्रसाद ने कहा कि शुद्ध एवं अपडेट मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। मतदाता सत्यापन और गणना प्रपत्रों के संग्रहण व डिजिटलीकरण के कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। मृत्यु, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा अन्य श्रेणियों से संबंधित मतदाताओं का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाए। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को एसआईआर अभियान के प्रति लगातार जागरूक किया जाए। अंतिम तीन दिनों में विशेष रूप से उन क्षेत्रों और मतदाताओं पर ध्यान दिया जाए, जहां गणना प्रपत्रों का संग्रहण अभी शेष है।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है। अब अभियान के केवल तीन दिन शेष हैं, इसलिए मतदाता अंतिम दिन का इंतजार न करें और अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र शीघ्र संबंधित बूथ स्तर अधिकारी को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रपत्र जमा करवाने से उसका डिजिटलीकरण एवं पोर्टल पर अपलोड किया जा सकेगा और किसी दस्तावेज अथवा विवरण में कमी या त्रुटि होने पर उसे सुधारने के लिए भी समय मिल सकेगा।

उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि यदि किसी कारणवश संबंधित बूथ स्तर अधिकारी अभी तक किसी मतदाता के घर नहीं पहुंच पाए हैं तो ऐसे मतदाता इंतजार न करें। वे स्वयं अपने संबंधित मतदान केंद्र अथवा बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे भरकर जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता की सक्रिय भागीदारी से ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जा सकता है। मतदाता समय रहते अपना गणना प्रपत्र जमा कर जिला प्रशासन का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर