गुरुग्राम: सिधरावली में जिस व्यक्ति हत्या हुई, उस पर हत्या समेत आठ केस थे दर्ज

 


-पुरानी रंजिश में की थी हत्या, आरोपियों से देशी-विदेशी पिस्टल बरामद

गुरुग्राम, 12 नवंबर (हि.स.)। जिला के गांव सिधरावली में 35 वर्षीय व्यक्ति दीपक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक विदेशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन (उम्र-21 वर्ष) निवासी गांव सिधरावली जिला गुरुग्राम व मोनू उर्फ धोलिया (उम्र-27 वर्ष) निवासी गांव नांगल दरगू जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। बता दें कि नौ नवंबर 2026 को थाना बिलासपुर, गुरुग्राम में सूचना मिली कि दीपक (उम्र-35 वर्ष) निवासी गांव सिधरावली, गुरुग्राम की गांव सिधरावली बस स्टैंड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति कार की अगली सीट पर मृत अवस्था में मिला और उसको गोली लगी हुई थी। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। मृतक के चाचा ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसका भतीजा दीपक आठ नवंबर 2026 की रात को अपनी कार लेकर कहीं गया था। सुबह करीब आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि उसके भतीजे दीपक की सिधरावली बस स्टैंड पर किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी है। जब उन्होंने जाकर देखा तो भतीजा मृत अवस्था में कार में पड़ा हुआ था और उसको गोली लगी हुई थी। इस शिकायत पर थाना बिलासपुर में केस किया गया।

दीपक पर हत्या, लड़ाई-झगड़े के आठ केस दर्ज

मृतक दीपक के आपराधिक रिकॉर्ड से पता चला है कि उसके खिलाफ हत्या के दो केस सहित हत्या करने का प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने इत्यादि के कुल आठ केस दर्ज हैं। इसमें से छह केस गुरुग्राम में हत्या, हत्या का प्रयास, लड़ाई-झगड़ा, शस्त्र अधिनियम, प्रिजन एक्ट के तहत तथा दो केस राजस्थान में हत्या करने और अवैध वसूली के संबंध में दर्ज हैं। इंचार्ज अपराध शाखा सेक्टर-40 गुरुग्राम के उप-निरीक्षक ललित कुमार की टीम ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपी जतिन को गांव सहरावन गुरुग्राम से तथा आरोपी मोनू उर्फ धोलिया को पावटा कोटपुतली (राजस्थान) से काबू किया गया। आरोपी जतिन को 11 नवंबर 2026 को अदालत में पेश करके पांच दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में पता चला है कि मृतक के साथियों ने लगभग छह महीने पहले आरोपी जतिन के भाई के साथ मारपीट की थी। कुछ समय पहले आरोपी के दोस्त के साथ भी मारपीट की थी और आरोपी जतिन को जान से मारने की धमकी दी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर