गुरुग्राम: समझौते के तहत बंद नहीं हुई मीट की दुकानें तो शिवसैनिक बंद कराने पहुंचे

 


-संगठनों की ओर से विरोध जताने के बाद की गई बंद

गुरुग्राम, 22 मार्च (हि.स.)। ईद की नमाज के बाद तय समझौते के बावजूद मीट-मांस की दुकानें बंद नहीं होने पर शिवसेना ने मोर्चा संभाला और दुकानों को बंद करवाया। संगठनों ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले हुए समझौते के अनुसार ईद की नमाज सुबह आठ बजे के बाद दो घंटे के भीतर यानी 10 बजे तक मीट की दुकानों को बंद कर दिया जाएगा, लेकिन निर्धारित समय पर दुकानें खुली रहीं।

शिवसेना के राज्य सह-संगठन मंत्री एवं जिला प्रभारी संजय ठकराल ने रविवार को बताया कि मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से बातचीत की गई। उनसे समझौते का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाईचारा सिर्फ एक पक्ष ही क्यों निभाए। जब समझौता हुआ है तो सभी को उसका पालन करना चाहिए। इसके बाद मीट मार्केट के दुकानदारों ने दुकानों को बंद करना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। शिवसेना नेताओं ने कहा कि मीडिया के सहयोग और मौके पर हुई बातचीत के बाद दुकानों को बंद कराया जा सका। शिवसेना और अन्य संगठनों ने मांग रखी कि नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान क्षेत्र में कोई भी मीट की दुकान न खोली जाए। संगठनों ने दावा किया कि शहरी विकास मंत्री विपुल गोयल द्वारा भी नगर निगम क्षेत्र में मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल, प्रशासन ने स्थिति को शांतिपूर्ण बताते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर