गुरुग्राम में स्कूटी पर 10 लाख के 96 चालान, जब्त
गुरुग्राम, 04 अगस्त (हि.स.)।गुरुग्राम यातायात पुलिस ने एक ऐसी स्कूटी को जब्त किया ही जिसपर नियमों की अवहेलना करने के 10 लाख रुपये के 96 चालान लंबित है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को यातायात पुलिस के जोनल अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह राजीव चौक पर अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे।
इसी दौरान एक स्कूटी को रोककर चालक से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
जब पुलिस ने वाहन का रिकॉर्ड चेक किया तो पता चला कि उस स्कूटी पर मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के कुल 96 चालान लंबित हैं। इनमें एकचालान मशीन द्वारा और 95 चालान कैमरे द्वारा किए गए हैं।
लंबित चालानों में अधिकांश बिना हेल्मेट वाहन चलाना, बिना इंश्योरेंस, बिना प्रदूषण सर्टिफिकेट सहित अन्य उल्लंघन शामिल हैं। सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि 10 लाख रुपये बनती है।
लंबित चालानों के कारण गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्कूटी को जब्त कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवा दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर