गुरुग्राम: विद्यालय के प्राचार्य पर जानलेवा हमला करने पर नाबालिग सहित दो गिरफ्तार

 


गुरुग्राम, 01 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि सेक्टर-14 स्थित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य पर आरोपियों ने जानलेवा हमला किया था। जानकारी के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय सेक्टर-14 गुरुग्राम द्वारा पुलिस थाना सेक्टर-14 में एक शिकायत देकर कहा कि 29 दिसंबर को दोपहर के समय विद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर कुछ बाहरी असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यालय में पढऩे वाले छात्रों के साथ झगड़ा व मारपीट की गई। करीब साढ़े चार बजे जब वह (प्राचार्य) विद्यालय से निकल रहे थे, तभी विद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने इनकी गाड़ी को रुकने का इशारा करते हुए इस पर डंडों से अचानक हमला कर दिया। हमलावरों द्वारा किए गए ताबड़तोड़ प्रहार से गाड़ी का आगे का शीशा टूट गया, जिसके कांच के टुकड़े इसके (प्राचार्य) चेहरे व आंखों पर लगे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ये (प्राचार्य) गाडी को छोडक़र विद्यालय परिसर में वापस आ गए। इस हमले में विद्यालय का एक सुरक्षाकर्मी भी उन अज्ञात लडक़ों द्वारा डंडों से की गई वार से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को काबू किया है। जिनमें एक नाबालिग है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुंदर (उम्र-37 वर्ष) निवासी गांव भगवतीपुर, लाखनमाजरा, रोहतक (वर्तमान निवासी राजीव नगर, गुरुग्राम) के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर