गुरुग्राम: रिटायर्ड कर्नल के घर लूटकांड का खुलासा, चार बांग्लादेशी गिरफ्तार

 


-पुलिस से बचने के लिए भागते समय अंडरपास में कूदे थे

-परिवार के तीन सदस्यों को बंधक बनाकर की थी लूट

गुरुग्राम, 10 जून (हि.स.)। सेक्टर-23 में रिटायर्ड कर्नल सीएल जैन के घर हुई सनसनीखेज लूट का गुरुग्राम पुलिस ने खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने मामले में शामिल चार बांग्लादेशी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए चारों बदमाश द्वारका एक्सप्रेसवे के बजघेड़ा अंडरपास में कूद गए, जिससे तीन के पैर और एक का हाथ फ्रेक्चर हो गया।

पालम विहार क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों को बजघेड़ा अंडरपास से पकड़ा। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल अरमान और मोहम्मद मामन के रूप में हुई है। सभी बांग्लादेश के रहने वाले हैं और फिलहाल दिल्ली के संगम विहार वजीराबाद इलाके में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार बीते शनिवार को पॉश इलाके सेक्टर-23 में बदमाशों ने रिटायर्ड कर्नल के घर को निशाना बनाया था। हथियारों के बल पर घर में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर नकदी, जेवरात और कीमती सामान लूट लिया था। वारदात के बाद से ही वीआईपी इलाके में दहशत का माहौल था। जांच में सामने आया कि आरोपी लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देकर बांग्लादेश भाग जाते थे। एसीपी क्राइम नवीन कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी हिलाल पर दिल्ली में चोरी, डकैती और शस्त्र अधिनियम के 12 केस दर्ज हैं। मामो खान पर दिल्ली में एक केस, खैरुल अरमान पर हरियाणा, दिल्ली और यूपी में हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ केस और मामन पर गुरुग्राम-दिल्ली में लूट-डकैती के तीन केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों पर दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब इनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर