गुरुग्राम: डीएलएफ फेज-1 में कार की टक्कर से रेपिडो बाइक सवार महिला की मौत

 

पुलिस ने कार चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला

गुरुग्राम, 09 जून (हि.स.)। डीएलएफ फेज-1 क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से रेपिडो बाइक पर जा रही एक महिला की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि मृतका की सास की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार झारखंड के खूंटी जिले की रहने वाली मुक्ति बोदरा छह महीने पहले ही रोहित जोनसन होरो से शादी कर गुरुग्राम के गांव घाटा सेक्टर 55-56 में अपनी सास सरोज होरो के साथ रह रही थीं। पांच जून को वह नौकरी की तलाश में गांव से गुरुग्राम आई थीं। सात जून को मुक्ति बोदरा रेपिडो चालक उमेश कुमार के साथ घाटा से हौज खास दिल्ली जा रही थी।

खुशबू चौक से आगे पहाड़ी वाले मंदिर के पास तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मुक्ति बोदरा और बाइक चालक उमेश कुमार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार चालक ने ही दोनों घायलों को उठाकर नारायणा हॉस्पिटल, डीएलएफ फेज-3 में भर्ती कराया और परिवार को सूचना दी। आठ जून को इलाज के दौरान मुक्ति बोदरा की मौत हो गई। बाइक चालक उमेश कुमार का इलाज अभी जारी है।

मृतका की सास सरोज होरो ने थाना डीएलएफ फेज-1 में दी शिकायत में बताया कि कार चालक ने गाड़ी को लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाकर हादसा किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। सहायक उपनिरीक्षक संदीप कुमार की टीम ने नारायणा हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। बाइक चालक उमेश कुमार ने कहा कि वह परिवार से सलाह के बाद थाना आकर बयान देगा। आठ जून को डॉक्टरों ने मुक्ति बोदरा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर