गुरुग्राम: मकान मालिक के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत देने वाली महिला के खिलाफ एफआईआर

 


-पुलिस जांच में इस फर्जीवाड़े का हुआ खुलासा

गुरुग्राम, 23 अप्रैल (हि.स.)। आपातकालीन सेवा 112 पर एक महिला ने कॉल करके दुष्कर्म की सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने महिला से दुष्कर्म की घटना पर पूछताछ की तो वह पुलिस को गुमराह करने लगी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि महिला की ओर से दुष्कर्म की पुलिस को झूठी सूचना दी। पुलिस ने झूठी शिकायत देने पर महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को डायल 112 के माध्यम से सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-47 स्थित एक मकान में एक महिला के साथ रेप की घटना हुई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि नेपाल की रहने वाली है और ऑनलाइन कंपनी के लिए खाना बनाने का काम करती है और उसे उक्त मकान में सेवा के लिए बुक किया गया था। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि महिला का मकान मालिक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते महिला ने बदला लेने और मकान मालिक को डराने के उद्देश्य से रेप जैसी गंभीर घटना की झूठी सूचना दे दी। पुलिस द्वारा गहन जांच और तथ्यों की पड़ताल करने पर यह स्पष्ट हो गया कि रेप की कोई घटना नहीं हुई थी और पूरी सूचना फर्जी थी।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि झूठी सूचना देकर पुलिस का कीमती समय बर्बाद करने और किसी निर्दोष व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाने के मामले में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग एक गंभीर अपराध है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर