गुरुग्राम: विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में उद्योग जगत निभाए भूमिका: राव नरबीर सिंह

 


मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में राज्य स्तरीय एफटीए कार्यशाला का किया शुभारंभ

-उद्योगपतियों के 70 प्रतिशत से अधिक सुझावों को शामिल कर तैयार की गई नई नीति

गुरुग्राम, 03 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने और प्रदेश के निर्यात को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से मंगलवार को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने होटल ग्रैंड हयात में लेवरेजिंग एफटीए-आउटरीच प्रोग्राम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो संदेश के माध्यम से अगले पांच वर्षों में प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा।

कार्यशाला में भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के माध्यम से हरियाणा के उद्योगों, एमएसएमई और निर्यातकों के लिए वैश्विक बाजार में उपलब्ध अवसरों तथा निर्यात विस्तार की रणनीतियों पर चर्चा की गई। कार्यशाला का आयोजन हरियाणा सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) निदेशालय द्वारा भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) तथा इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव नितिन कुमार यादव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा के कमिश्नर एवं सचिव डॉ. अमित के. अग्रवाल, गुरुग्राम के डिविजनल कमिश्नर रवि प्रकाश गुप्ता, हरियाणा एमएसएमई एवं उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक डॉ. यश गर्ग, भारत सरकार के वाणिज्य विभाग में निदेशक डॉ. गरिमा मित्तल तथा एचएसआईआईडीसी के एमडी विनय प्रताप सिंह सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, व्यापार विशेषज्ञ और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर