गुरुग्राम में विकास कार्यों को मिल रही नई रफ्तार: राव नरबीर सिंह

 


कैबिनेट मंत्री ने 28 करोड़ की 27 विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास

गुरुग्राम, 23 मई (हि.स.)। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए आज वार्ड 2, वार्ड 3 और वार्ड 6 में 28 करोड़ से अधिक राशि की 27 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहर के समग्र विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व हरियाणा सरकार विकास को जनहित से जोड़ते हुए योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल परियोजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समय में उन्हें पूरा कर आमजन को सीधा लाभ पहुंचाना है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि धर्मपुर गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके स्थायी समाधान के लिए हरियाणा सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस विषय को लेकर लगातार दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए हुए हैं, ताकि प्रभावित भूमि को जलभराव से मुक्त कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल समस्या का समाधान करना नहीं, बल्कि इस क्षेत्र को एक विकसित और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में तैयार करना भी है। योजना के तहत यहां पिकनिक स्पॉट, पार्किंग सुविधा, शॉपिंग एरिया और लोगों के मनोरंजन से जुड़ी अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे।

वार्ड नंबर 3 में क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 2 करोड़ 24 लाख 68 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। वार्ड नंबर 4 में विभिन्न विकास कार्यों को नई गति देते हुए लगभग 11 करोड़ 3 लाख 51 हजार रुपये की लागत से अनेक जनहित परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। वार्ड नंबर 6 में नागरिक सुविधाओं में बढ़ोतरी के दृष्टिगत उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री द्वारा कुल 15 करोड़ की लागत से गांव दौलताबाद में जल आपूर्ति पाइपलाइन बिछाने, गांव धर्मपुर से गांव खेड़की माजरा तक स्टेबल रोड निर्माण, धर्मपुर से श्मशान घाट तथा धर्मपुर से गांव बाबूपुर तक सड़क निर्माण कार्यों सहित गांव धर्मपुर में अटल पार्क की आधारशिला रखी। इस अवसर पर गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा, निगम पार्षद सतपाल सिंह दौलताबाद, पार्षद राकेश यादव, पार्षद प्रदीप सहित संबधित क्षेत्र के अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर