गुरुग्राम: मानेसर की साइबर सेल पुलिस ने पांच लाख के गुम हुए मोबाइल ढूंढे
पुलिस उपायुक्त कार्यालय में असल मालिकों को सौंपे मोबाइल
गुरुग्राम, 16 मार्च (हि.स.)। मानेसर पुलिस जोन की साइबर सेल ने बीते माह पांच लाख रुपयों की कीमत के गुम हुए 28 मोबाइल फोन तलाश किए। सोमवार को पुलिस ने उन मोबाइल को ढूंढकर असल मालिकों को सौंपा दिया। गुरुग्राम पुलिस के चारों पुलिस जोनों (पूर्व, पश्चिम, दक्षिण व मानेसर) की साइबर सेल की पुलिस टीमों द्वारा लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन को सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल व तकनीकी सहायता से ढूंढा जाता है।
सहायक-उप-निरीक्षक धीरज कुमार इंचार्ज साइबर सेल मानेसर की पुलिस टीम को विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुई मोबाइल फोन की गुमशुदा शिकायतों पर कार्रवाई की गई। बीते माह फरवरी-2026 के दौरान लोगों के गुम हुए 28 मोबाइल फोन को सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल व पुलिस तकनीकी की सहायता से ढूंढकर बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद किए गए इन मोबाईल फोन की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपए है। पुलिस उपायुक्त मानेसर दीपक कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन लोगों की एक अहम जरूरत बन गई है। स्मार्ट मोबाईल फोन के माध्यम से लोग अपने विभिन्न कार्य आसानी से कर लेते है। लोग फोन को माध्यम बनाकर अपना मनोरंजन भी करते है साथ ही अपने मोबाईल फोन मे ही अपने जरूरी दस्तावेज व जानकारी सुनिश्चित भी रखते है, इसलिए अपने मोबाइल फोन के साथ लोगों के सेंटीमेंट्स भी जुड़े होते है। जब किसी व्यक्ति का फोन गुम हो जाता है तो उसे न केवल आर्थिक नुकसान होता है बल्कि उसे मानसिक रूप से भी बहुत परेशानी होती है।
इन सभी को मध्यनजर रखते हुए पुलिस लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन को सेंट्रल-इक्विपमेंट-आइडेंटिटी-रजिस्टर पोर्टल व पुलिस तकनीकी की सहायता से ढूंढकर बरामद करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। नौ मार्च 2026 व 11 मार्च 2026 को साइबर सेल मानेसर की पुलिस द्वारा ढूंढे गए सभी 28 मोबाइल फोन सोमवार को उनके असल मालिकों को पुलिस उपायुक्त कार्यालय मानेसर में बुलाकर उनके मोबाइल फोन वापस लौटाए। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा सभी मोबाइल वापस प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को साइबर ठगी से बचाव व उनके निवारण के बारे में जानकारी दी गई साथ ही अपने सम्पर्क में आने वाले सभी के साथ पुलिस टीम द्वारा दी गई जानकारी सांझा करने के लिए भी प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर