गुरुग्राम: दो बाइक के 102 चालान थे लंबित, 5.55 लाख रुपये जुर्माना बकाया
-गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने की यह कार्रवाई
गुरुग्राम, 05 नवंबर (हि.स.)। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर कुल 102 चालान लंबित पाए गए, जिनकी कुल जुर्माना राशि 5,55,100 रुपये थी। दोनों बाइक को इंपाउंड कर पार्किंग में रखा गया है।
जेडओ सेक्टर-12 एएसआई मंजू अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रही थीं।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका गया। चालक से कागजात मांगे गए तो वह पेश नहीं कर पाया। रिकॉर्ड जांच करने पर इस बाइक के खिलाफ 61 चालान लंबित पाए गए, जिनकी जुर्माना राशि 2,19,500 थी। इनमें बिना हेलमेट, बिना इंश्योरेंस और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने जैसे उल्लंघन शामिल थे। नियमों के अनुसार बाइक को इंपाउंड कर दिया गया।
इसी तरह जेडओ सिकंदरपुर पावर हाउस एएसआई कंवल सिंह अपनी टीम के साथ जांच कर रहे थे। वहां एक अन्य मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए तो चालक कागजात नहीं दिखा पाया। जांच में इस बाइक पर कुल 41 चालान लंबित पाए गए, जिनकी जुर्माना राशि 3,35,600 रुपये थी। इसमें भी बिना हेलमेट, बिना इंश्योरेंस और बिना नंबर प्लेट के उल्लंघन प्रमुख थे। इस बाइक को भी इंपाउंड किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर