गुरुग्राम पुलिस ने गठित की पांच लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां

 




-पांचों कंपनियों में 500 से अधिक जवान तैनात

-एसीपी रैंक के अधिकारी संभालेंगें कमान

-भीड़ नियंत्रण से आपदा प्रबंधन तक देंगे तुरंत रिस्पांस

-पांच और लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां गठित करने की योजना

गुरुग्राम, 19 जून (हि.स.)। जिला में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं त्वरित बनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने पांच विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों का गठन किया है। इन कंपनियों का मकसद किसी भी आपातकालीन, संवेदनशील या कानून व्यवस्था से जुड़ी स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

गठित पांच कंपनियों में से चार कंपनियां जोन अनुसार बनाई गई हैं। इनमें पुलिस की पूर्व जोन, पश्चिम जोन, दक्षिण जोन और मानेसर जोन की एक-एक कंपनी शामिल है। पांचवीं कंपनी पुलिस उपायुक्त मुख्यालय गुरुग्राम के अधीन काम करेगी। जरूरत पडऩे पर इन कंपनियों को जिले के किसी भी हिस्से में तुरंत तैनात किया जा सकेगा। हर लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनी में 107 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इस तरह कुल 500 से अधिक पुलिसकर्मी इन कंपनियों में शामिल हैं। प्रत्येक कंपनी का नेतृत्व एसीपी रैंक का अधिकारी कंपनी कमांडर के रूप में करेगा, जबकि इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी असिस्टेंट कमांडर बनकर संचालन और समन्वय देखेगा।

पुलिस के अनुसार इन कंपनियों का मुख्य काम अराजक स्थिति, धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, साम्प्रदायिक तनाव, वीआईपी ड्यूटी, आपदा प्रबंधन और अन्य विशेष परिस्थितियों में तुरंत रिस्पांस देना है। प्रशिक्षित और संगठित स्वरूप में काम करने वाली ये कंपनियां कानून व्यवस्था भंग करने वाले हुड़दंगियों से सख्ती से निपटेंगी। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज के मुताबिक, भविष्य की जरूरतों और बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पांच और लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां गठित करने की योजना है। इनके बनने के बाद जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपातकाल में त्वरित कार्रवाई करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की क्षमता और बढ़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर