गुरुग्राम: हिरासत से पुलिस की गाड़ी लेकर भागा आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार

 

-ऑटोमोबाइल्स वर्कशॉप से कंपनी की कार लेकर फरार हुआ था

-मंदसौर में पेट्रोल पंप से दिया था पुलिस को चकमा

गुरुग्राम, 09 जुलाई (हि.स.)। थाना सेक्टर-14 गुरुग्राम की पुलिस ने कार गबन के मामले में पुलिस हिरासत से भागे आरोपी को मध्य-प्रदेश के जिला सागर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। 17 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-14 में एक शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि उसकी कंपनी विद्या ब्लू बड्र्स की कार मरम्मत के लिए ऑटोमोबाइल्स वर्कशॉप शीतला माता मंदिर रोड वेस्ट राजीव नगर सेक्टर-12 में छोड़ी गई थी। 24 नवंबर 2025 को जब कार लेने पहुंचे तो वाहन वर्कशॉप से गायब मिला। जांच में पता चला कि कंपनी के पूर्व कर्मचारी प्रकाश रजक कार लेकर फरार हो गया है। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। थाना सेक्टर-14 पुलिस टीम ने आरोपी प्रकाश रजक (27 वर्ष) निवासी गांव रंगुवान जिला सागर (मध्य-प्रदेश) को उसके गांव से ही हिरासत में लिया था। उसे पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए गुरुग्राम लाते समय एक जुलाई 2026 को गरोठ कस्बा जिला मंदसौर में गाड़ी में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के दौरान आरोपी पुलिस टीम को चकमा देते हुए उसी गाड़ी को लेकर फरार हो गया था।

प्रबंधक थाना सेक्टर-14 निरीक्षक अमित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पता चला कि आरोपी पुलिस हिरासत से भागकर अपने एक रिश्तेदार के पास छिप गया था। पुलिस टीम मध्य-प्रदेश पहुंची और कड़े प्रयासों के बाद गुरुवार को आरोपी को जिला सागर के एक गांव फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से गबन की गई कार की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर