गुरुग्राम पुलिस ने छह महीने में 152 तस्कर किए गिरफ्तार
-नशे की जड़ों पर गुरुग्राम पुलिस का प्रहार
-10 तस्करों की अवैध संपत्तियों पर चला बुलडोजर
गुरुग्राम, 12 जुलाई (हि.स.)। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने साल 2026 के पहले छह महीनों में तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 108 एनडीपीएस मामलों में 152 नशा तस्करों और सप्लायरों को गिरफ्तार किया है।एक जनवरी 2026 से 30 जून 2026 के बीच गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। इसमें गांजा 182.59 किलोग्राम, पॉपी हस्क 3.2 किलोग्राम, चरस/सुल्फा 4.02 किलोग्राम, हेरोइन 216 ग्राम, स्मैक 159 ग्राम, एमडीएमए 122 ग्राम, कोकीन छह ग्राम, नशीले कैप्सूल 30 बरामद किये।गुरुग्राम पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने सिर्फ गिरफ्तारी तक खुद को सीमित नहीं रखा। नशे के कारोबार से कमाई गई अवैध संपत्तियों को भी चिन्हित किया गया। पुलिस ने 10 चिन्हित नशा तस्करों के अवैध कब्जों और निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। पुलिस का संदेश साफ है नशे से कमाई गई एक भी रुपये की संपत्ति बख्शी नहीं जाएगी।
हर तस्कर की मैन-टू-मैन मार्किंगगुरुग्राम पुलिस ने जिले में सक्रिय हर नशा तस्कर और विक्रेता की आक्रामक मैन-टू-मैन मार्किंग शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त शिवाश कविराज का कहना है कि सप्लाई चेन तोड़ने के लिए तस्करों की जड़ तक पहुंचा जा रहा है। गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि नशे की बिक्री, सप्लाई और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसी कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर