गुरुग्राम पुलिस ने 21 दिन में गिरफ्तार किए 81 साइबर ठग

 

-गुरुग्राम पुलिस ने ठगी के नेटवर्क पर कसा शिकंजा-गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 15 सीपीयू, छह लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन पकड़े

-साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए

गुरुग्राम, 23 नवंबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों एवं ऑनलाइन ठगी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने 21 दिनों में 81 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुग्राम पुलिस की साइबर अपराध थाना टीमों द्वारा एक नवंबर 2026 से 21 नवंबर 2026 के दौरान साइबर अपराधियों के खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई।

साइबर अपराध थाना की विभिन्न टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, गहन जांच एवं प्रभावी पुलिस कार्यवाही के माध्यम से साइबर ठगी में संलिप्त आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी विभिन्न राज्यों में फैले साइबर अपराध एवं ठगी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आम नागरिकों को अपने जाल में फंसाने के लिए साइबर ठगी के अलग-अलग तरीके अपनाते थे। इनमें मुख्य रूप से इन्वेस्टमेंट एवं ट्रेडिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, सोशल मीडिया एवं फेक इंस्टाग्राम आईडी फ्रॉड, एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी, ओएलएक्स एवं ऑनलाइन खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी, इंस्टाग्राम हैकिंग, सेक्सटॉर्शन, टिकट बुकिंग फ्रॉड, फर्जी जॉब, ऑनलाइन रोजगार सहित अलग-अलग तरीकों से लोगों का विश्वास जीतकर उनकी मेहनत की कमाई ठगना शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जाने वाले 15 सीपीयू, छह लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, एक मॉडम, एक राउटर, एक पेन ड्राइव व एक सिम बॉक्स इत्यादि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामान बरामद किए गए हैं। इन उपकरणों की बरामदगी साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों एवं नेटवर्क की पुलिस जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण तथा उपयोगी है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध केवल गिरफ्तारियों तक सीमित न रहकर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनके नेटवर्क एवं अपराध में इस्तेमाल किए गए संसाधनों की गहन जांच की जा रही है। विभिन्न राज्यों में फैले साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की पहचान करके सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर