गुरुग्राम: लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी: सर्वप्रिय त्यागी
-फर्रुखनगर में कार्यकर्ताओं के साथ सुनी मन की बात
-रामनगर मंडल के संवाद कार्यक्रम में युवाओं का किया आह्वान
गुरुग्राम, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने रविवार को रामनगर (फर्रुखनगर) स्थित बूथ संख्या 193 पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 139वें संस्करण को सुना। जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने बताया कि जिला अध्यक्ष ने रामनगर मंडल में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ संवाद कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह एवं युवाओं को संबोधित किया।
संवाद कार्यक्रम में सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों, जिम्मेदार युवाओं और संवैधानिक मूल्यों के सम्मान में निहित है। युवाओं को राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों को प्रेरित करने में युवा शक्ति महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
जिला मीडिया प्रभारी अजय दुआ ने जानकारी देते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने दोनों कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ सहभागिता की। मन की बात के सामूहिक श्रवण के साथ संवाद कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के प्रति अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला सचिव सचिन देवतवाल, जिला मीडिया सह प्रभारी वरुण चौहान, मार्केट कमेटी चेयरमैन दौलत राम, वाइस चेयरमैन कंवरपाल चौहान, नगर पालिका वाइस चेयरमैन प्रदीप यादव, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन मानसिंह यादव, कार्यक्रम के सह संयोजक गुलशन कुमार, मंडल अध्यक्ष अनिल सैनी, पार्षद रामबीर यादव, पार्षद विकास कौशिक, प्रवीण कौशिक, विजेंद्र परमार, सूबेदार राजेश सैनी और त्रिलोक चंद सैनी सहित बड़ी संख्या में युवा शक्ति, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर