गुरुग्राम: आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा भारत: राव इंद्रजीत सिंह
-केंद्रीय मंत्री ने अपैरल हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद कार्यक्रम के बाद कही यह बात
-अपैरल हाउस में किया गया जींद से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
गुरुग्राम, 17 जुलाई (हि.स.)। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच चलेगी। गुरुग्राम में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अपैरल हाउस में देखा गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर पधारे केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गुरुग्राम के नागरिक उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का कार्यक्रम में पधारने पर गुरुग्राम उपायुक्त उत्तम सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भारत की तकनीकी क्षमता, हरित ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता और भविष्य की परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है, विशेषकर हरियाणा के विकास में यह एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा को 14,700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगी। इससे आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, सडक़ एवं रेल संपर्क बेहतर होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और निवेश के नए अवसर उत्पन्न होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प लगातार साकार हो रहा है और हरियाणा इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि रेल चली बिना तेल, बिना बिजली। यह ऐतिहासिक पहल सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। भाजपा हरियाणा की प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़ का स्वागत भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने किया। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी का जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, हितेश भारद्वाज ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा का स्वागत जिला महामंत्री मनीष सैदपुर ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर