गुरुग्राम: पचगांव तक मेट्रो का विस्तार उद्योगों के लिए बनेगा ग्रोथ इंजन: दीपक मैनी
-बेहतर कनेक्टिविटी से मानेसर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता होगी मजबूत
गुरुग्राम, 24 जून (हि.स.)। सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो विस्तार को प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी ने गुरुग्राम और मानेसर के औद्योगिक भविष्य को बेहतर बनाने वाली परियोजना बताया है। उनका कहना है कि यह केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि पूरे औद्योगिक इकोसिस्टम को नई दिशा देने वाली पहल है। इससे उद्योग, व्यापार, निवेश, रोजगार और शहरी विकास को एक साथ गति मिलेगी।
दीपक मैनी ने बुधवार को कहा कि गुरुग्राम, मानेसर, पचगांव और आसपास का क्षेत्र हरियाणा का सबसे तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक कॉरिडोर है। यहां ऑटोमोबाइल, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और एमएसएमई सेक्टर की हजारों इकाइयां संचालित हो रही हैं। इन उद्योगों में काम करने वाले लाखों कर्मचारियों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। मेट्रो विस्तार होने से कर्मचारियों की आवाजाही अधिक तेज, सुरक्षित और किफायती होगी, जिससे उद्योगों की उत्पादकता बढ़ेगी और कंपनियों पर परिवहन व्यवस्था का अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा।
उन्होंने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता होती है। विश्वस्तरीय मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का भरोसा भी बढ़ेगा। नई औद्योगिक इकाइयों, कॉरपोरेट कार्यालयों और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। दीपक मैनी का मानना है कि मेट्रो विस्तार से सडक़ों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और उद्योगों की परिचालन लागत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पचगांव तक मेट्रो पहुंचने के बाद मानेसर से आगे विकसित होने वाले औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को भी नई पहचान मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर