वाराणसी से प्रारंभ हुई संत शिरोमणि गुरु रविदास की पवित्र कलश यात्रा का गुरुग्राम में भव्य स्वागत

 






मंत्री और नेता पवित्र कलश को सिर पर रखकर यात्रा में चले पैदल

भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने पवित्र कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत

गुरुग्राम, 30 जुलाई (हि.स.)। गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को जन-जन का उत्सव बनाने के उद्देश्य से निकाली जा रही पवित्र कलश यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने पर सरहौल बॉर्डर पर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में वाराणसी से गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी लेकर पहुंचे प्रतिनिधि मंडल का सरहौल बार्डर पर भाजपा नेताओं ने स्वागत किया और पवित्र कलश को अपने सिर पर रखकर यात्रा में पैदल चले।

इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, भाजपा गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, पूर्व मेयर मधु आजाद, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल, भाजपा जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा श्रद्धालुओं ने यात्रा पर पुष्प बरसाएं।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। उनकी 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही यह यात्रा समाज को उनके विचारों से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

गुरुग्राम पहुंचने के बाद पवित्र कलश यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। एंबिएंस मॉल से प्रारंभ होकर यात्रा शंकर चौक, सिग्नेचर टावर, राजीव चौक, सोहना चौक, प्रेम मंदिर, न्यू कॉलोनी मोड़, सेक्टर-4-7 होते हुए शीतला माता मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन किया तथा गुरु रविदास जी के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

वाराणसी से लाई गई संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी एवं कलश का गुरुग्राम पहुंचने के बाद पवित्र कलश को माता शीतला देवी मंदिर में विधिवत स्थापित किया गया। इसके उपरांत 4 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के करकमलों से यह पवित्र मिट्टी प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर