गुरुग्राम: मन का शोर थामने का जरिया है आध्यात्मिकता: उपेंद्र राय
-गुरुग्राम के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में तीन दिवसीय मीडिया रिट्रीट का आगाज
गुरुग्राम, 28 नवंबर (हि.स.)। सूचनाओं की तेज रफ्तार, बढ़ते शोर और बदलते दौर की चुनौतियों के बीच सुर्खियों से परे आंतरिक शोर से आंतरिक स्पष्टता की ओर विषय पर तीन दिवसीय मीडिया रिट्रीट का शुभारम्भ ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में हुआ।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि भारत एक्सप्रेस के मैनेजिंग डायरेक्टर और एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान में आने से मन का शोर समाप्त होता है और संगत का गहरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाहर की आग को तो आसानी से बुझाया जा सकता है, लेकिन भीतर की आग को बुझाने के लिए आध्यात्मिकता की जरूरत है। जिस प्रकार नदियों का शोर सागर में जाकर ही थमता है, ठीक उसी प्रकार मन का शोर भी ईश्वर से जुडऩे से ही थम सकता है। उपेंद्र राय ने कहा कि स्थूल नेत्रों से परे भी एक ऐसी दुनिया है जो दिखाई नहीं देती, लेकिन उसका अस्तित्व है। ज्ञान भीतर से ही आलोकित होता है, जरूरत है उसे गहराई से महसूस करने की। उन्होंने कहा कि जीवन में कई मुश्किलें अधिक बोलने से पैदा होती हैं। ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा दीदी ने कहा कि मीडिया को बाहर की दुनिया से कहीं अधिक अपने भीतर की दुनिया को महसूस करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हम सबसे मिलते रहते हैं, लेकिन स्वयं से नहीं मिलते, जबकि आध्यात्मिकता हमें स्वयं से मिलाती है। विश्व के परिवर्तनशील चक्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज दुनिया श्रेष्ठ पुनर्निर्माण की ओर बढ़ रही है, जिसकी शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए और मीडिया को सबके लिए उदाहरण बनना होगा। राजयोगिनी शुक्ला दीदी ने कहा कि मीडिया समाज की दशा और दिशा बदलने की ताकत रखता है, लेकिन मौजूदा दौर में मूल्यों की बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी बदलाव के लिए अपने अंदर की आवाज सुनना जरूरी है और आज मीडिया जिन चुनौतियों से जूझ रहा है, उनका समाधान आध्यात्मिकता में ही समाहित है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर