गुरुग्राम: ओएलएक्स पर फ्लैट मेट बना, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर की चोरी
-पुलिस ने की 2.30 लाख की रिकवरी
गुरुग्राम, 05 जून (हि.स.)। ओएलएक्स पर फ्लैट मेट बनकर लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले एक आरोपी को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक मौर्य (फर्जी विकास शर्मा) निवासी जिला जौनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 26 मई को सेक्टर-65 थाना पुलिस को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसने ओएलएक्स पर फ्लैटमेट की तलाश के लिए पोस्ट डाली थी। इसी पोस्ट के जरिए आरोपी ने खुद को विकास शर्मा बताकर संपर्क किया और 21 मई को सेक्टर-67 स्थित पिरामिड अर्बन होम्स सोसायटी के फ्लैट में रहने पहुंचा। रात को आरोपी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर शिकायतकर्ता और उसके साथी को बेहोश कर दिया। इसके बाद उनके लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम/क्रेडिट कार्ड, पहचान पत्र और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी किए गए कार्डों का इस्तेमाल कर आरोपी ने लगभग 5.80 लाख रुपये की अवैध निकासी और लेनदेन भी किया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को चार जून को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी नाम और पहचान से प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करता था। विश्वास जीतने के बाद फ्लैटमेट बनकर उनके साथ रहता और मौका पाकर खाने-पीने में नींद की गोलियां मिलाकर उन्हें बेहोश कर देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन, 14 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, दो कलाई घडिय़ां, 15 सिम कार्ड, नशीली दवाइयां, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और बैंक खाते में मौजूद लगभग 2.30 लाख रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने गुजरात में भी इसी तरीके से वारदात की थी। वहां के थाना भिलाड जिला वलसाड में उसके खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का एक मामला पहले से दर्ज है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर