गुरुग्राम पुलिस ने बुजुर्ग महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

 

-बस स्टैंड पर मिली थीं फूलवती, लखनऊ पुलिस से संपर्क कर सौंपीं

गुरुग्राम, 17 अगस्त (हि.स.)। मानवता और संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने वृंदावन से लापता हुई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार 16/17 अगस्त 2026 की रात को थाना सेक्टर-14 की ईआरवी टीम रात्रि गश्त पर थी। गश्त के दौरान टीम ने गुरुग्राम बस स्टैंड पर एक बुजुर्ग महिला को अकेले बैठे देखा। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला से बातचीत की और उनकी पहचान व अन्य जरूरी जानकारी जुटाई।

जानकारी के आधार पर थाना सेक्टर-14 की टीम ने तुरंत लखनऊ पुलिस से संपर्क स्थापित किया। जांच में पता चला कि महिला का नाम फूलवती (उम्र-70 वर्ष) है। वह 15 अगस्त 2026 को वृंदावन से अचानक लापता हो गई थीं। फूलवती के पोते अर्पित शर्मा निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश ने बताया कि परिजन पिछले दो दिनों से उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर सौंपी परिजनों कोआवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने फूलवती को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया। दादी को सकुशल पाकर भावुक हुए परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस की सजगता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यप्रणाली के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर