गुरुग्राम में निजी वाहनों के लिए ऑड-ईवन योजना लागू करने की मांग

 


-आईओन गुरुग्राम संस्था ने इसके लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

-गुरुग्राम में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए दिया सुझाव

गुरुग्राम, 26 नवंबर (हि.स.)। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में प्रदूषण कम करने के सरकार के प्रयासों के बीच अब गुरुग्राम में निजी वाहनों के लिए ऑड-ईवन योजना को लागू करने की मांग उठी है। आईओन गुरुग्राम संस्था की ओर से इस बारे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा है।

गुरुग्राम में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए एक अतिरिक्त उपाय के तौर पर निजी वाहनों के लिए ऑड-ईवन योजना लागू करने का आईओनगुरुग्राम संस्था ने अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि बच्चों को स्कूल छोडऩे और वापस लाने, रोजमर्रा के छोटे-मोटे कामों के लिए बाहर जाने, ऑफिस आने-जाने और इसी तरह की अन्य निजी यात्राओं से शहर में वाहनों की आवाजाही बढ़ती है। वर्क फ्रॉम होम (घर से काम करने) की व्यवस्था होने के बावजूद, इस तरह की कई यात्राएं जारी रहती हैं, जिससे ट्रैफिक जाम बढ़ता है, वाहन लंबे समय तक चालू हालत में खड़े रहते हैं और प्रदूषण (उत्सर्जन) भी बढ़ता है। इसलिए ऑड-ईवन योजना लागू करने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आखिरी अंक के आधार पर तय दिनों में ही उन्हें सडक़ पर चलाने की अनुमति होगी। इसमें कुछ जरूरी छूट का भी प्रावधान होगा। वर्क फ्रॉम होम के साथ इन दोनों उपायों को लागू करने से वाहनों की आवाजाही और उनसे होने वाले उत्सर्जन को कम करने में अधिक व्यापक और प्रभावी मदद मिल सकती है।

संगठन ने यह भी माना कि ऐसा कदम तभी संभव हो पाएगा, जब इसके लिए सावधानीपूर्वक योजना बनाई जाए।

सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय हो और छूट के प्रावधान भी सोच-समझकर तय किए जाएं। संगठन ने आगे कहा कि यह योजना तभी बेहतर तरीके से काम करेगी, जब इसके साथ सार्वजनिक परिवहन के पर्याप्त विकल्प उपलब्ध हों और नियमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इससे लोग निजी वाहनों पर अपनी निर्भरता कम करने के बारे में गंभीरता से विचार कर सकेंगे।

आईओनगुरुग्राम के फाउंडर डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी ने कहा कि वाहनों से प्रदूषण एक ऐसा क्षेत्र है जहां केंद्रित प्रयासों से कुछ बदलाव लाया जा सकता है। हमारा मानना है कि वर्क फ्रॉम होम और ऑड-ईवन दो ऐसे उपाय हैं, जो एक-दूसरे के पूरक हैं। एक तो बाहर से आने वाले वाहनों की आवाजाही कम होगी, जबकि दूसरा शहर के भीतर पहले से चल रहे ट्रैफिक को नियंत्रित करने में मदद करेगा। उचित छूट और सार्वजनिक परिवहन के पर्याप्त विकल्पों के साथ इस पर गंभीरता से विचार किया जाए। गुरुग्राम हम सभी का है और स्वच्छ हवा में हर निवासी की हिस्सेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर