गुरुग्राम: नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल रद्द होने के बाद अस्पतालों में सुचारू रहा कामकाज
-पंचकूला में नर्सिंग ऑफिसर्स को सस्पेंड करने का था विरोध
गुरुग्राम, 23 नवंबर (हि.स.)। नागरिक अस्पताल पंचकूला में एक मरीज की उस समय मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच नर्सिंग ऑफिसर्स, एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर व एक वार्ड अटेंडेंट को सस्पेंड के बाद बहाल करने के साथ ही नर्सिंग ऑफिसर्स की ओर से हड़ताल वापस ले ली गई। पंचकूला नागरिक अस्पताल में जारी धरने को भी समाप्त कर दिया गया।
इस मामले में नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की मीडिया सचिव पूनम सहराय ने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स ने अपने हकों के लिए आवाज उठाई। सरकार ने उनकी आवाज को सुना और सस्पेंड नर्सिंग ऑफिसर्स को बहाल कर दिया।
उन्होंने साफ किया कि नर्सिंग ऑफिसर्स सरकार से टकराव का कोई इरादा नहीं था। इस मामले की गहनता से जांच के लिए मांग है। सभी कर्मचारी सरकार का हिस्सा हैं। इसलिए सरकार ने भी सकारात्मक कदम उठाते हुए नर्सिंग ऑफिसर्स की मांग पर विचार करते हुए उसे पूरा किया। किसी बेकसूर को सजा नहीं मिलनी चाहिए।
प्रदेश में हड़ताल की तैयारियों के बीच सरकार द्वारा नर्सिंग ऑफिसर्स की मांग को मानते हुए सस्पेंड पांच नर्सिंग ऑफिसर्स व एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर को बहाल करके मामले को शांत किया। इसी के साथ ही रविवार रात को ही नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने 23 नवंबर सोमवार की हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार को सरकारी अस्पतालों में कामकाज सामान्य तरीके से रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच नर्सिंग ऑफिसर्स और एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर को बहाली के आदेश जारी किए गए। इनमें से पांच का तबादला किया गया, एक को पंचकूला जिला अस्पताल में ही नियुक्ति दी गई।
नर्सिंग ऑफिसर रेनू बाला का तबादला पोलीक्लीनिक पिंजौर जिला पंचकूला में, नर्सिंग ऑफिसर पूजा का तबादला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट जिला पंचकूला में, नर्सिंग ऑफिसर अजय का तबादला एसडीसीएच कालका जिला पंचकूला, नर्सिंग ऑफिसर सुनील का तबादला पीएचसी हंगौला जिला पंचकूला, नर्सिंग ऑफिसर मंजीत का तबादला एसडीसीएच कालका जिला पंचकूला में किया गया। वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर शरणी को जिला नागरिक अस्पताल पंचकूला में ही रखा गया है। उनका तबादला नहीं किया गया। महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा डा. मनीष बंसल की ओर से इसके आदेश जारी किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर