गुरुग्राम में सफाई कर्मियों ने मुंडन करा किया प्रदर्शन, 31वें दिन भी जारी हड़ताल

 


गुरुग्राम, 05 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को भारी बरसात के बीच पुराने नगर निगम कार्यालय में इक_ा होकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। गुरुग्राम, मानेसर, सोहना, हेलीमंडी, पटौदी और फरुखनगर के 26 कर्मचारियों ने सामूहिक मुंडन करवाया। इसके बाद प्रदर्शन करते हुए बादशाहपुर विधायक व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के सिविल लाइन स्थित आवास पर पहुंचकर नारेबाजी की।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि शनिवार को हड़ताल का 31वां दिन रहा।

धरने पर मांग की कि सरकार सफाई कर्मियों की नाजायज गिरफ्तारी, सस्पेंशन और टर्मिनेशन रद्द करे। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य उप प्रधान व इकाई प्रधान बसंत कुमार ने बताया कि हड़ताल की अध्यक्षता वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत और फायर के जिला प्रधान जोगिंदर ने संयुक्त रूप से की, संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंघाला और कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने किया। नेताओं का आरोप है कि हरियाणा सरकार और स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल व सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी कर्मचारियों और जनता को गुमराह कर रहे हैं। मंत्री सोशल मीडिया पर 12, 13, 14 मांगें मानने का दावा कर रहे हैं, जबकि कोई लिखित नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ।

सरकार बड़ी संख्या में फायर, सफाई और सीवरमैन कर्मियों को शो कॉज, सस्पेंशन ऑर्डर देकर आंदोलन दबा रही है। बसंत कुमार ने कहा कि अगर छह सितंबर तक समाधान नहीं हुआ तो हड़ताल आगे बढ़ाई जाएगी। धरने को सीटू जिला प्रधान सुरेश नोहरा, नोट राजेंद्र सरोहा, फायरमैन मुकेश कुमार, कुलदीप, तेजपाल, सुनीता देवी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। सभी कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कूड़ा उठाने के सरकारी प्रयास फेल हैं। हड़ताल के दौरान कूड़ा उठान के नाम पर फर्जी बिल बनाकर ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा सरकारी धन लूटा जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस के सहारे कूड़ा उठवाकर व्यवस्था सामान्य दिखाने की कोशिश हो रही है, जबकि महिला और बुजुर्ग कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उत्पीडऩ किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर