गुरुग्राम: नए श्रम कानूनों को समझें व जल्द लागू करें नियोक्ता: सुनील यादव
गुरुग्राम, 24 अप्रैल (हि.स.)। ईएसआईसी कार्यालय में प्रभारी निदेशक सुनील यादव से लेबर लॉ एडवाइजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं श्रम कानून सलाहकार एडवोकेट आर.एल. शर्मा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच नए श्रम कानूनों के अंतर्गत ईएसआईसी प्रावधानों में किए गए संशोधनों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विशेष रूप से वेतन की नई परिभाषा पर विचार-विमर्श किया गया, जिसे नए श्रम संहिताओं के तहत संशोधित किया गया है। इस संशोधन का सीधा प्रभाव ईएसआईसी अंशदान की गणना और कर्मचारियों के कवरेज पर पड़ेगा। बैठक के दौरान सुनील यादव ने कहा कि नए श्रम कानूनों के तहत ईएसआईसी में किए गए बदलाव कर्मचारियों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे श्रमिकों और नियोक्ताओं दोनों को लाभ मिलेगा। सभी नियोक्ताओं को चाहिए कि वे इन संशोधनों को समझें और समयबद्ध तरीके से लागू करें, ताकि अनुपालन सुनिश्चित हो सके और कर्मचारियों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
विभाग श्रमिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल कैंप एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी कार्य करेगा। बैठक के दौरान आर.एल. शर्मा ने कहा कि नए श्रम कानूनों के अंतर्गत वेतन की परिभाषा में किया गया संशोधन नियोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण परिवर्तन है। बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि श्रमिकों को ईएसआईसी का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। इसके लिए गुरुग्राम एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में ईएसआईसी द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के लिए नियमित मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएंगे। ईएसआईसी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं में वृद्धि करने पर भी सहमति बनी, ताकि श्रमिकों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें। आर.एल. शर्मा ने प्रभारी निदेशक के समक्ष यह मांग भी रखी कि जिन औद्योगिक क्षेत्रों में वर्तमान में ईएसआईसी की डिस्पेंसरी उपलब्ध नहीं है, वहां नई डिस्पेंसरी स्थापित की जाए। बैठक में लेबर लॉ एडवाइजर एसोसिएशन के सदस्य जितेंद्र यादव एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर