1999 बैच के आईपीएस शिवास कविराज ने संभाला गुरुग्राम पुलिस आयुक्त का कार्यभार
बोले, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक सुधार पर रहेगा फोकस
गुरुग्राम, 20 मई (हि.स.)। वर्ष 1999 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शिवास कविराज ने बुधवार को गुरुग्राम के नए पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वे पंचकूला के पुलिस आयुक्त पद पर तैनात थे।
शिवास कविराज अब तक अपने सेवाकाल में एसपी करनाल, एसपी रोहतक, डीसीपी गुरुग्राम, आईजी रोहतक रेंज और एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर जैसे अहम पदों पर काम कर चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने गुरुग्राम पुलिस के सभी डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पुलिस रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने तथा जनता के साथ तालमेल बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम किया जाए।
गुरुग्राम को अपराध मुक्त बनाना लक्ष्य
सीपी कविराज ने कहा कि गुरुग्राम हरियाणा की आर्थिक राजधानी है। यहां मल्टीनेशनल कंपनियां, लाखों प्रवासी और वीआईपी मूवमेंट रहता है। ऐसे में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ते साइबर अपराध और नशे की रोकथाम पर मेरा विशेष फोकस रहेगा। गुरुग्राम को अपराध मुक्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
ट्रैफिक और सड़क हादसों पर लगेगी लगाम
पुलिस आयुक्त ने माना कि गुरुग्राम की सबसे बड़ी चुनौती ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और एक्सीडेंट रोकने के लिए नया रोडमैप तैयार किया जाएगा। एनएच-48, गोल्फ कोर्स रोड, सोहना रोड और उद्योग विहार जैसे हॉटस्पॉट पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी। टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर चालान और मॉनिटरिंग को और स्मार्ट बनाएंगे।
फरियादियों की सुनवाई होगी प्राथमिकता
सीपी कविराज ने कहा कि थानों में आने वाले हर फरियादी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और समयबद्ध समाधान किया जाएगा। सीपी ने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाना हमारी पहली जिम्मेदारी है। किसी भी शिकायत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को थानों में साफ-सफाई, व्यवहार और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जनसहयोग से चलेगा अभियान
पुलिस आयुक्त ने कहा कि अपराध पर अंकुश के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है। समय-समय पर आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन, साइबर एक्सपर्ट और महिला संगठनों के साथ बैठक कर फीडबैक लिया जाएगा। वहीं आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पुलिस प्रोफेशनल, संवेदनशील और पारदर्शी तरीके से काम करेगी, ताकि आमजन का विश्वास और मजबूत हो।
नए सीपी ने बताया कि स्कूल-कॉलेजों के पास नशा तस्करों पर विशेष अभियान चलेगा। साइबर ठगी रोकने के लिए बैंक, टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा। महिला सुरक्षा के लिए ‘दुर्गा शक्ति’ टीमों की गश्त और पिंक बूथों को और सक्रिय किया जाएगा।
कार्यभार संभालने के बाद शिवास कविराज ने पुलिस लाइन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पुलिस का हर जवान जनता का सेवक है और उसे इसी भावना से काम करना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर