गुरुग्राम: अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बोली, समझी जाती है राष्ट्रभाषा हिंदी: डा. सागर सेन गुप्ता

 


-एनबीआरसी में हुआ हिंदी पखवाड़े का आयोजन

-डॉ. रमन व इरशाद आलम ने जीती प्रतियोगिता

गुरुग्राम, 09 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम के मानेसर में स्थित विश्व विख्यात नेशनल ब्रेन रिसर्च सेंटर (एनबीआरसी) में हिन्दी पखवाड़े का आयोजन किया गया। इसके तहत हिंदी भाषण प्रतियोगिता में हिंदी भाषी वर्ग में डॉ. रमन व अहिन्दी भाषी वर्ग में इरशाद आलम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता एनबीआरसी में मानक हिंदी अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई।

हिंदी भाषी के साथ-साथ अहिन्दी भाषी वर्ग के प्रतिभागियों ने भी हिंदी में खूब धाराप्रवाह भाषण दिए।

हिंदी भाषी वर्ग में डॉ. रमन महतानी प्रथम, मिथिलेश सिंह द्वितीय और संजय गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। हिन्दी वर्ग में मोहम्मद इरशाद आलम प्रथम, स्वर्णली पांडा द्वितीय और सुमित सिन्हा तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका वरिष्ठ पत्रकार अमित नेहरा व पवन कुमार ने निभाई। अमित नेहरा ने हिंदी को लेकर प्रेरणादायक विचार रखे। एनबीआरसी के पूरे स्टाफ, शोधकर्ताओं व छात्रों में इस प्रतियोगिता को लेकर उत्साह रहा। इस अवसर पर एनबीआरसी के निदेशक डॉ. सागर सेन गुप्ता ने राष्ट्रभाषा हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी प्रतिभागियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि हिंदी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बोली व समझी जा रही है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने सभी भाषाओं का सम्मान करने की भी बात कही।

एनबीआरसी में मानक हिंदी अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने कहा कि संस्थान में हर साल हिंदी पखवाड़े का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया जाता है। इससे राष्ट्रीय एकता व अखंडता मजबूत होती है।

हिंदी पखवाड़े में इस भाषण प्रतियोगिता में बतौर निर्णायक की भूमिका में पहुंचे एनसीआर मीडिया क्लब के प्रधान व वरिष्ठ पत्रकार अमित नेहरा ने कहा कि एनबीआरसी एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का संस्थान है और यहां के स्टाफ व छात्रों में हिन्दी के प्रति जो जुनून है वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में छात्र, शोधकर्ता व कर्मचारी देश के अलग अलग हिस्सों से सम्बंध रखते हैं। हिंदी इन्हें आपस में जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर जितेंद्र अहलावत, पूजा गौसांई, अमरजीत, ध्रुवा, अद्रित विश्वास, रेशमा खातून, अतुल तिवारी, केशव, ईशानी, अतिथि त्रिपाठी समेत एनबीआरसी के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर