गुरुग्राम: महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पर राष्ट्रीय महिला आयोग हुआ सख्त
वायरल होने पर गुरुग्राम पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
दो आरोपियों को नोटिस, सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के लिए भेजा गया कानूनी नोटिस
गुरुग्राम, 16 जून (हि.स.)। महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले वीडियो पर गुरुग्राम पुलिस ने राष्ट्रीय महिला आयोग के कहस्तक्षेप से कार्रवाई की है। थाना डीएलएफ फेज-2 में आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत और स्वतः संज्ञान के आधार पर की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपियों हिमांशु जांगड़ा और प्रणीत मोरे की पहचान कर ली है। दोनों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस ने महिलाओं की गरिमा को प्रभावित करने वाली वीडियो सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी कानूनी अनुरोध और नोटिस भेजा है।
पुलिस ने प्लेटफॉर्म्स से तत्काल वीडियो हटाने की मांग की है ताकि इसका आगे प्रसार न हो सके।
पुलिस आयुक्त गुरुग्राम के निर्देशन में मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की अस्मिता और सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को शेयर न करें और ऐसी सामग्री दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर