गुरुग्राम: केवल सडक़, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं तक सीमित न रहें निकाय: विपुल गोयल

 


गुरुग्राम, 24 नवंबर (सच कहूं न्यूज)। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नगर निकायों को केवल सडक़, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं तक सीमित न रहकर अच्छे पार्क, आकर्षक चौक, संग्रहालय और ऐसे सार्वजनिक स्थल विकसित करने चाहिए, जहां परिवार समय बिता सकें। इससे शहरों की पहचान और नागरिकों का जुड़ाव बढ़ेगा तथा लोग बेहतर सुविधाओं के बदले टैक्स देने के लिए भी प्रेरित होंगे।

यह बात उन्होंने मंगलवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन स्थानीय निकायों से जुड़े तीन तकनीकी सत्र में बोलते हुए कही।

इन सत्रों में नगर पालिका तथा नगर परिषद को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप अधिक सक्षम बनाने, शहरों के सुनियोजित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। देश के विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने शहरी प्रशासन के अपने अनुभव साझा करते हुए निकायों की कार्यप्रणाली में सुधार के सुझाव दिए। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से राष्ट्रीय एवं राज्य योजनाओं में उपलब्ध धनराशि की जानकारी रखने तथा उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत हरियाणा में अगले डेढ़ वर्ष में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट लाने की संभावनाएं हैं। इसके साथ ही प्रत्येक नगर निकाय की वार्षिक बैलेंस शीट तैयार करने, आय-व्यय का नियमित आकलन करने और वित्तीय प्रबंधन मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सम्मेलन में मिले सुझावों को अपने-अपने निकायों में लागू करने का आह्वान किया।

पंचायतों ग्रामीण विकास की आधारशिला: कृष्ण लाल पंवार

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। इनके आर्थिक रूप से सशक्त होने से गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य भी साकार होगा। पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना होगा। उन्होंने पंचायती भूमि का व्यावसायिक उपयोग सुनिश्चित करने और पंचायतों की आमदनी बढ़ाने के लिए नए संसाधन विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर निर्धारित प्रारूप अनुसार ग्राम सभाएं आयोजित करें और संबंधित विभागों के अधिकारी भी आवश्यक रूप से शामिल हों। उन्होंने कहा कि गांवों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए पंचायतों को दूरदर्शी सोच के साथ विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर