गुरुग्राम: मुथूट फाइनेंस से नकली सोना गिरवी रख 13 लाख का लिया लोन

 

साढ़े आठ लाख में खरीदा 21 तोले मिलावटी सोना 13 लाख में गिरवी रखकर की ठगी

गुरुग्राम, 17 जून (हि.स.)। मुथूट फिनकॉर्प कंपनी से मिलावटी सोना गिरवी रखकर 13 लाख रुपये का लोन लेकर धोखाधड़ी कर ली गई। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर 2025 को मुथूट फिनकॉर्प की ओर से थाना न्यू कॉलोनी में शिकायत दी गई थी। शिकायत में कहा था कि ललित ठाकुर नामक व्यक्ति ने मिलावटी और नकली सोने के आभूषण गिरवी रखकर कंपनी से करीब 13 लाख रुपये का लोन लिया। शिकायत पर थाना न्यू कॉलोनी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना न्यू कॉलोनी की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 जून 2026 को कृष्णा नगर गुरुग्राम से आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान ललित ठाकुर उम्र 28 वर्ष, निवासी झारखंड, हाल निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवर का काम करता है।

वर्ष 2025 में उसने करीब 21 तोला मिलावटी सोना किसी अन्य व्यक्ति से लगभग 8.5 लाख रुपये में खरीदा था। इसी मिलावटी सोने को उसने वर्ष 2025 में ही मुथूट फिनकॉर्प कंपनी में करीब 13 लाख रुपये में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने आरोपी को 16 जून को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने मिलावटी सोना किससे खरीदा और इस ठगी में और कौन-कौन शामिल है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर