गुरुग्राम: वायु प्रदूषण, पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन व ठोस कचरा प्रबंधन पर निगम की सख्ती

 


मासिक लक्ष्य हर हाल में पूरे करने के निर्देश

सीएक्यूएम दिशा-निर्देशों के तहत कार्यों की समीक्षा

एक अप्रैल से लागू होंगे ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026

गुरुग्राम, 17 मार्च (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में वायु प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को मासिक आधार पर हर हाल में पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए चल रहे सभी प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। मंगलवार काे हुई बैठक में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जुलाई से सितंबर के बीच 10 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। अक्टूबर से दिसंबर के बीच अतिरिक्त 10 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इसी अवधि में 10-10 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन भी स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निगमायुक्त ने पार्किंग व सीएंडडी वेस्ट सेंटर कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि कमान सराय क्षेत्र में सर्फेस पार्किंग का कार्य जून माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे 20 सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन सेंटर भी जून के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। बैठक में सडक़ सुधार, ट्रैफिक डी-कंजेशन, डस्ट फ्री अभियान सहित अन्य प्रदूषण नियंत्रण उपायों पर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने कहा कि इन सभी कार्यों को भी मासिक लक्ष्य निर्धारित समय पर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि शहर में प्रदूषण स्तर में प्रभावी कमी लाई जा सके। बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ये नियम एक अप्रैल 2026 से लागू हो जाएंगे। नियमों के तहत नागरिकों के लिए जागरुकता अभियान चलाए जाएंगे, बिन सेग्रीगेशन प्रणाली लागू की जाएगी। कचरा प्रबंधन से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि इन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अभी से तैयारी तेज की जाए। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता प्रबंधन दोनों ही शहर के सतत विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें, ताकि गुरुग्राम को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर