गुरुग्राम के तीन गांवों में बनाए जाएंगें सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
-मानेसर नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में कम्युनिटी सेंटर बनाने के भी निर्देश
-गांव कासन में नहरी पानी मुहैया करवाने के लिए जीएमडीए से तालमेल करें अधिकारी
गुरुग्राम, 20 अप्रैल (हि.स.)। पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि नगर निगम मानेसर क्षेत्र में मानसून में जलभराव नहीं होना चाहिए। प्रत्येक वार्ड में एक-एक कम्युनिटी सेंटर बनाया जाना चाहिए। गांव कासन में नहरी पानी की सप्लाई के लिए जीएमडीए के साथ तालमेल करें। वे सोमवार को नगर निगम मानेसर के अधिकारियों के साथ बैठक कर रही थीं। विधायक ने पटौदी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले 11 वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति ऐसी है, जहां पर पंचायती जमीन के साथ-साथ गैर मुमकिन पहाड़ किस्म की जमीन भी अत्यधिक है। गैर मुमकिन पहाड़ होने के कारण गांवों में विकास कार्य की सीमा तय हो गई है। जबकि गांवों की वास्तविक आबादी कहीं ज्यादा है। ऐसे में वे अपने स्तर पर प्रयास करेंगी कि जिन गांवों में ऐसी भूमि है, उसकी किस्म को बदला जाए ताकि इन गांवों में विकास कार्यों की संख्या बढ़ाई जाए। आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि निगम क्षेत्र में करीब 55 किलोमीटर ड्रेन का नेटवर्क है। इन सभी बड़ी-छोटी ड्रेन की एक बार सफाई करवा दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 48 पर आईएमटी चौक और रामपुरा चौक पर जलभराव न हो इसके लिए स्थायी समाधान कर दिया गया है।
आयुक्त ने बताया कि निगम क्षेत्र में करीब 75 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट मानसून से पहले तैयार हो जाएगी। जिसमें से 47 पिट तैयार हैं। 20 का काम चालू है अन्य 10 का बजट तैयार हो चुका है।
संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने विधायक बिमला चौधरी को बताया कि निगम की टीम प्रॉपर्टी टैक्स वसूल रही है। टीम ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करते हुए फायर टैक्स और प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान करवाया है। इसके अलावा बड़े टैक्स डिफाल्टर्स को नोटिस देकर उनकी प्रॉपर्टी को सील भी किया है। डिविजन 2 के एक्सईएन मंदीप धनखड़ ने विधायक को अवगत करवाते हुए कहा कि पटौदी विधानसभा के 11 वार्डों में सिविल के 30 काम चल रहे हैं। पार्क, जोहड़ और स्टेडियम आदि के सात काम चल रहे हैं। गांव कासन, नैनवाल और नौरंगपुर में एसटीपी बनाए जाएंगे। इलेक्ट्रिकल एक्सईएन वासु बग्गन ने बताया कि निगम की ओर से पहले फेज में पांच हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। बैठक में एसडीओ अमन राठी, अनिल मलिक, विपिन बूरा, सीपीओ द्वारका प्रसाद, पार्षद भूपेंद्र सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर