गुरुग्राम: मुकेश अंबानी की वीडियो देखकर फंसा, गंवाए 15 लाख

 


-वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नारायणमूर्ति की भी सुनाई स्पीच

-ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का प्रलोभन देकर साइबर ठगों ने की ठगी

गुरुग्राम, 30 मार्च (हि.स.)। साइबर अपराध मानेसर थाना क्षेत्र में जालसाजों ने ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का प्रलोभन देकर एक युवक से 15 लाख रुपए ठग लिए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।

पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-78 में रहने वाले ओमप्रकाश खोरीवाल साेमवार काे बताया कि वह नवंबर 2025 में अपनी फेसबुक आईडी चला रहा था। इस दौरान उसने फेसबुक पेज पर ट्रेडिंग के संबंध में वीडियो विज्ञापन देखा। इस पर क्लिक किया तो उसमे मुकेश अंबानी, निर्मला सीतारमन व नारायणमूर्ति की वीडियो चलने लगी। इसमें बताया गया कि ट्रेडिंग मे 22 हजार रुपये इंवेस्ट करने पर हर महीने 22 लाख रूपये मिलेंगे। इसके बाद उसके व्हॉट्सअप पर ट्रेडिंग में इंवेस्टमेंट करने बारे मैसेज आए जिसमें एक ने अपना नाम रमन गुप्ता बताया और उस नंबर से ओमप्रकाश को बैंक डिटेल डाली। रमन गुप्ता ने उसे अलग-अलग बैंक अकाऊंट में पैसे जमा करवाने के लिए कहा। ओमप्रकाश उनके झांसे में आ गया और उसने अलग-अलग अकाउंट में पांच बार में 15 लाख से ज्यादा रकम ट्रांसफर कर दी। ओमप्रकाश को अपनी राशि पर भारी प्रॉफिट दर्शाया गया। ओमप्रकाश के पास बीती नौ मार्च को विहान बिरला नामक युवक की कॉल आई जिसने खुद को सेबी और एफआईयू का का अधिकारी बताया। उसने ओमप्रकाश को पूरा प्रॉफिट लेने के लिए और रुपए जमा कराने को कहा। ओमप्रकाश को अहसास हुआ कि उसके साथ फ्रॉड हो रहा है। उसने अपने रुपए मांगे तो उसका फोन उठाना ही बंद कर दिया। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर