गुरुग्राम: गुमशुदा महिला व तीन साल का बेटा सात दिन बाद दिल्ली से बरामद

 


-परिजनों को सौंपकर संवेदनशील पुलिसिंग की दी मिसाल

गुरुग्राम, 06 जुलाई (हि.स.)। सात दिन से गुमशुदा एक 25 वर्षीय महिला और उसके तीन वर्षीय बेटे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि पुलिस चौकी चक्करपुर थाना सेक्टर-29 की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। दोनों को दिल्ली के समयपुर बादली से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

28 जून 2026 को पुलिस चौकी चक्करपुर में शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी गुडिय़ा कुमारी (25 वर्ष) अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ घर से बिना बताए चली गई है। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-29 में मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला और बच्चे से जुड़ी जानकारियां जुटाईं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। अथक प्रयासों के बाद पांच जुलाई 2026 को टीम ने गुमशुदा महिला और उसके बेटे को समयपुर बादली दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि महिला का पति से घरेलू विवाद चल रहा था। नाराज होकर वह अपने बेटे के साथ अपनी भाभी के पास दिल्ली चली गई थी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला और बच्चे को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। महिला और बच्चे के सकुशल मिलने परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का धन्यवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर