गुरुग्राम: पुरानी रंजिश में दूध सप्लायर पर चाकू से हमला किया, 12 हजार लूटे

 


-पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देेने का शक, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम, 29 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर-7 मार्केट में एक दूध सप्लायर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। साथ ही उससे 12 हजार रुपये लूट लिए गए। पीडि़त की सूझ-बूझ से उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है।

पीडि़त की पहचान नरेंद्र भड़ाना के रूप में हुई है, जो दूध सप्लाई का काम करते हैं। रोज की तरह वह सोमवार की देर रात सेक्टर-7 मार्केट में दूध की डिलीवरी और कलेक्शन के लिए गए थे। कलेक्शन के 12 हजार रुपये लेकर लौटते समय घात लगाए बैठे युवक ने उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने सुनसान का फायदा उठाकर नरेंद्र के पेट और छाती पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से नरेंद्र एक पल के लिए घबरा गए, लेकिन हिम्मत जुटाकर उन्होंने आरोपी का चाकू वाला हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीना और फरार हो गया। हमले में नरेंद्र घायल होकर वहीं गिर पड़े।

आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना पर पीसीआर और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। होश में आने पर नरेंद्र ने आरोपी की पहचान कृष्णा कॉलोनी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ बॉबी के रूप में की। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया।

जांच अधिकारी पवन ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सिर्फ लूट का मामला नहीं है। जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले नरेंद्र और हरप्रीत के बीच झगड़ा हुआ था। आशंका है कि आरोपी ने रंजिश का बदला लेने के लिए हमला किया और इसे लूट का रूप देने की कोशिश की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर