गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार का 11 फीसदी काम पूरा

 

मिलेनियम सिटी सेंटर-साइबर सिटी-द्वारका एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर निर्माण तेजी से जारी

गुरुग्राम, 21 जुलाई (हि.स.)। शहर के यातायात को नई रफ्तार देने वाली मिलेनियम सिटी सेंटर-साइबर सिटी-द्वारका एक्सप्रेसवे मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। हरियाणा मेट्रो रेल ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन के अनुसार जून 2026 के अंत तक इस परियोजना का लगभग 11 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

एचएमटीसी के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि भारत सरकार द्वारा स्वीकृत इस 28.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

इस कॉरिडोर के शुरू होने से मिलेनियम सिटी सेंटर, साइबर सिटी और द्वारका एक्सप्रेस-वे के बीच सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी स्थापित होगी।

यात्रियों को मिलेंगे ये फायदे

प्रवक्ता के मुताबिक परियोजना पूरी होने पर गुरुग्राम वासियों को कई लाभ मिलेंगे, जिनमें बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी। ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में कमी आएगी। शहर में पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ शहरी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा

गुरुग्राम की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

एचएमटीसी ने कहा कि यह परियोजना गुरुग्राम की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओ को पूरा करेगी। साथ ही मिलेनियम सिटी सेंटर और द्वारका एक्सप्रेस-वे के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे शहर के समग्र यातायात ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

फिलहाल कॉरिडोर के विभिन्न हिस्सों पर पिलर निर्माण, स्टेशन निर्माण और अन्य सिविल कार्य प्रगति पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर